home page

खैरासैंण में बनेगा उच्च शिक्षा का नया केंद्र

 | 
खैरासैंण में बनेगा उच्च शिक्षा का नया केंद्र


देहरादून, 10 मई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नयी उड़ान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पहाड़ के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित महाविद्यालय भवन बनने से छात्र-छात्राएं अपने क्षेत्र में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

इस दौरान डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे प्रतियोगी दौर में पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है। प्रदेश के महाविद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि छात्र आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जुड़ सकें।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक बी.आर. खाली, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजय सहित सचिव बृजमोहन, राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र सिंह, पंकज डोबरियाल, गणेश रावत, अंकित ठाकुर, सुरेन्द्र बिष्ट सहित अन्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल