home page

नयार घाटी फेस्टिवल के दूसरे दिन आसमान से लेकर नदी तक दिखा उत्साह

 | 
नयार घाटी फेस्टिवल के दूसरे दिन आसमान से लेकर नदी तक दिखा उत्साह


पौड़ी, 27 फरवरी (हि.स.)। नयार घाटी फेस्टिवल के दूसरे दिन शुक्रवार को रोमांच और उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। सुबह से ही साहसिक गतिविधियों की धमाकेदार शुरुआत के साथ पूरी घाटी ऊर्जा और उमंग से सराबोर नजर आई।

आसमान में हॉट एयर बैलून, पैरामोटरिंग और टेंडम पैराग्लाइडिंग ने रंगीन छटा बिखेरी। ऊंचाइयों से नयार घाटी के मनोरम दृश्य प्रतिभागियों और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करते रहे। रोमांच के इन पलों को कैमरों में कैद करने की होड़ भी देखने को मिली।

वहीं दूसरी ओर एंगलिंग,कयाकिंग और एडवेंचर जोन में युवाओं और पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ी। नदी की लहरों पर कयाकिंग का रोमांच और शांत जल में एंगलिंग का अनुभव प्रतिभागियों के लिए यादगार साबित हो रहा है। एडवेंचर जोन में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं ने साहस और उत्साह का परिचय दिया।

फेस्टिवल के दूसरे दिन उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि नयार घाटी साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रही है। एडवेंचर स्पोर्ट्स की इन गतिविधियों ने आयोजन को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए इसे और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बना दिया है।

नयार वैली फेस्टिवल में छाए संकल्प खेतवाल

नयार वैली फेस्टिवल की गुरुवार को पहली सांस्कृतिक संध्या सुप्रसिद्ध गायक संकल्प खेतवाल के मधुर सुरों से सराबोर रही। लोकधुनों और पारंपरिक पहाड़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। जैसे ही संकल्प खेतवाल ने मंच संभाला,दर्शकों की तालियों और उत्साह ने माहौल को और जीवंत बना दिया। एक के बाद एक प्रस्तुत किए गए लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। संगीत की स्वर लहरियों ने न केवल स्थानीय संस्कृति की छटा बिखेरी, बल्कि युवाओं और बुजुर्गों सभी को एक साथ थिरकने पर मजबूर कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या के दौरान लोक संस्कृति,परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी और सजीव संगीत ने फेस्टिवल को यादगार शुरुआत दी। आयोजकों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय