home page

नैनीताल में अचानक मौसम के बदलाव, बारिश-ओलावृष्टि

 | 
नैनीताल में अचानक मौसम के बदलाव, बारिश-ओलावृष्टि


नैनीताल, 30 मई (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल सहित पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।

सुबह आसमान में बादलों की हल्की मौजूदगी के बीच अच्छी धूप खिली। दोपहर तक अच्छी गर्मी भी महसूस होने लगी थी, लेकिन अपराह्न में एक बजे के आसपास अचानक मौसम ऐसा बदला कि काफी बड़े आकार के ओलों के साथ तेज बारिश होने लगी, और रास्तों व सड़कों पर पानी बहने के साथ नाले भी उफन आये और नैनी झील में भी काफी गंदगी पहुंची। इस दौरान नगर में सैलानियों की भारी संख्या में मौजूदगी के बीच वाहनों का आवागमन भी एक हद तक थम गया।

मैदानी क्षेत्रों से भारी गर्मी से बचने के लिये यहां पहुंचे सैलानी अचानक बारिश के साथ मौसम में लौटी ठंड का आनंद लेते भी देखे गये। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस भी रहा, जो मई माह के लिहाज से काफी सुहावना कहा जा सकता हैं। वहीं शनिवार का अधिकतम व न्यूनतम तापमान 12 व 22 डिग्री के बीच बताया गया है। जबकि बारिश के दौरान नगर में ठंड महसूस की गयी।

निकटवर्ती क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होने की सूचना है। बारिश के कारण जंगलों में लगी थोड़ी-बहुत आग भी बुझ गयी। ओलों से फलों एवं सब्जियों की फसलों को नुकसान की बात भी कही जा रही है। नैनीताल के रानीबाग तक भी हल्के तूफान के साथ बारिश का असर देखा गया।

उल्लेखनीय है नगर में सप्ताहांत पर सैलानियों की भारी संख्या वाहनों के साथ उमड़ी है। बिना बुकिंग के और बिना पार्किंग वाले होटलों के आ रहे सैलानियों के वाहनों को रूसी बाइपास व नारायण नगर में रोका जा रहा है। साथ ही हनुमानगढ़ी से भी वाहनों को बाहर निकल रहे वाहनों की संख्या के आधार पर ही रोक-रोककर नगर में प्रवेश कराया जा रहा है। अलबत्ता पुलिस के द्वारा बाहरी दोपहिया वाहनों के नैनीताल एवं कैंची धाम में रोक बतायी गयी थी, लेकिन दोपहिया वाहनों पर पुलिस की रोक धरातल पर नजर नहीं आयी। दोपहिया वाहनों की संख्या भी रोके जाने के स्तर पर अधिक नहीं देखी गयी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी