home page

नैनीताल में एसआईआर के 43 हजार 5 सौ 51 दावों-आपत्तियों में से 12 हजार 5 सौ 61 अस्वीकृत

 | 
नैनीताल में एसआईआर के 43 हजार 5 सौ 51 दावों-आपत्तियों में से 12 हजार 5 सौ 61 अस्वीकृत


नैनीताल, 28 सितंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई।

अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि दावे-आपत्तियों पर नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर तक चलेगी तथा इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन तीन अक्टूबर को प्रस्तावित है।

बैठक में बताया गया कि अब तक कुल 43,551 दावों व आपत्तियों के प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें 5,819 अप्रसंस्कृत, 12,561 अस्वीकृत तथा 25,124 प्रपत्रों के आधार पर ई-रोल अद्यतन किए जा चुके हैं। एक से अधिक प्रविष्टियों के अंतर्गत फोटो समान प्रविष्टि (पीएसई) और जनसांख्यिकीय समान प्रविष्टि (डीएसई) के संबंध में बीएलओ ऐप पर किसी विधानसभा क्षेत्र में प्रविष्टि प्रदर्शित नहीं हो रही है। विवेक राय ने बताया कि एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ नियमित साप्ताहिक बैठकें की जा रही हैं।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के दो-दो पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि रामनगर, नैनीताल और भीमताल विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि ऑनलाइन जुड़े। प्रतिनिधियों के प्रश्नों का समाधान किया गया और उन्होंने एसआईआर की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की तैयारियों की भी जानकारी दी गई। जनपद में 1,541 बैलेट यूनिट, 2,416 कंट्रोल यूनिट और 2,524 वीवीपैट उपलब्ध हैं। इनकी एफएलसी 20 अक्टूबर से संभावित है। प्रत्येक राजनीतिक दल से दो अधिकृत प्रतिनिधि एफएलसी में शामिल हो सकेंगे।

इसके लिए प्रतिनिधियों का नाम, मोबाइल नंबर, पिता या पति का नाम, पूरा पता, आधार अथवा मतदाता पहचान पत्र संख्या, संबंधित पहचान पत्र की छायाप्रति तथा दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने होंगे। एफएलसी में प्रवेश के लिए विधिवत प्रवेश पास जारी किए जाएंगे।

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी-मोनिका, कालाढूंगी-सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस के मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती और इशरत अली, भाजपा के दिनेश खुल्बे, बहादुर नगदली, प्रकाश पटवाल, मनीष पाल और आनंद बिष्ट, बसपा के जगदीश टम्टा तथा आम आदमी पार्टी के अब्दुल कादिर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी