home page

होली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

 | 
होली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी


नैनीताल, 03 मार्च (हि.स.)। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए नैनीताल जनपद की पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने जनपदवासियों से सौहार्दपूर्वक होली मनाने की अपील की है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग, मारपीट और जबरन रंग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष यातायात योजना लागू की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को तुरंत डायल 112 पर दी जा सकती है।

छात्रों ने खेली अबीर-गुलाल की होली

नैनीताल। सरोवर नगरी के मल्लीताल स्थित प्रतिष्ठित नैनी पब्लिक स्कूल में होली का त्योहार हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में शिक्षिकाओं ने होली का गायन किया और बच्चे रंगों के साथ उल्लास से सराबोर रहे। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं व होली गीतों पर नृत्य कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

प्रधानाचार्य गिरीश सनवाल ने भी बच्चों के साथ होली मनाते हुए सभी को टीका लगाया और बच्चों को गुजिया के साथ जलपान भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से होली मनाने, पड़ोसियों को शुभकामनाएं देने और पर्व को आपसी सौहार्द के साथ यादगार बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी