नैनीताल में 8 से 16 अगस्त तक स्वच्छता अभियान
नैनीताल, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर 8 से 16 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सघन सफाई की जाएगी।
अभियान में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, जिला मार्गों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, वन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई की जाएगी। राजमार्गों और सड़कों के दोनों ओर फैले कचरे एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का चिन्हीकरण कर सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा।
शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी और अधिशासी अधिकारी अपने-अपने नगर क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाएंगे। वन एवं पर्यटन क्षेत्रों में, विशेष रूप से रामनगर मार्ग, चोरगलिया रोड सहित अन्य वन क्षेत्रों में कचरे के वल्नरेबल प्वाइंट्स की सफाई की जाएगी।
पर्यटन स्थलों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत, पंचायतीराज विभाग और ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में सघन सफाई की जाएगी। रामनगर का रिजॉर्ट क्षेत्र, बैलपड़ाव, धानाचूली, मुक्तेश्वर, धारी और रामगढ़ जैसे अधिक पर्यटन गतिविधियों वाले और आवागमन वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तीनों क्षेत्रों के लिए विभिन्न टीमों का गठन कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, एनसीसी, एनएसएस के साथ-साथ आमजन से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि इस विशेष स्वच्छता अभियान को गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए सफल बनाएं। उन्हें प्रतिदिन की फोटोग्राफ जियोटैग के साथ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

