सांसद अजय भट्ट ने सुनी जनसमस्या
हल्द्वानी , 28 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर लोकसभा क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।
जनसुनवाई कार्यक्रम में नैनीताल और उधमसिंहनगर जनपद की विभिन्न विधानसभाओं से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में आम जनता ने भाग लिया। लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा, स्वास्थ्य सेवाओं सहित क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से सांसद के समक्ष रखा।
सांसद अजय भट्ट ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे सांसद के समक्ष रखीं, जिससे कई मामलों में त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू हुई।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

