मोटर पुल तैयार, नहीं हो पाई वाहनों की आवाजाही शुरू
उत्तरकाशी, 25 अगस्त (हि.स.)। राना चट्टी-निषणी मोटर मार्ग पर निषणी मोटर पुल तैयार होने के बावजूद वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को बरसाती खड्ड से होकर जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है। बरसात के दौरान खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने पर स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। कई बार वाहन उफनाते खड्ड में फंस जाते हैं, जिन्हें दूसरे वाहनों से रस्सी बांधकर खींचकर बाहर निकालना पड़ता है।
स्थानीय निवासी महावीर पंवार माही, दीपक रावत और अनिल पंवार ने बताया कि मोटर पुल का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इसे वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खोला गया है। उन्होंने कहा कि पुल पर यदि कोई कार्य शेष है तो उसे शीघ्र पूरा किया जाए और पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाय, ताकि क्षेत्रवासियों को बरसाती खड्ड से होकर होने वाली जोखिम भरी आवाजाही से निजात मिल सके।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि मोटर पुल का निरीक्षण कर शेष कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए और सुरक्षित आवागमन के लिए पुल को वाहनों की आवाजाही हेतु खोल दिया जाए। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में खड्ड से आवाजाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।1
फोटेा- 2-बड़कोट में मंगलवार को पुल के सुचारू न होने पर फंसे वाहन को रस्सी बांध कर दूसरे वाहन से खींचते हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

