home page

सिलक्यारा टनल रेस्क्यू की वर्षगांठ पर जिले के 10 स्थानों की गई मॉकड्रिल

 | 
सिलक्यारा टनल रेस्क्यू की वर्षगांठ पर जिले के 10 स्थानों की गई मॉकड्रिल


नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिसमें भूकंप, बादल फटने, भूस्खलन, वनाग्नि, रोपवे में तकनीकी खराबी, घने कोहरे से सड़क दुर्घटना, टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने और निर्माणाधीन रेलवे टनल में धंसाव जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।

विभिन्न विभागों की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया। शनिवार को डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देशन में सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर आयोजित मॉक ड्रिल में घनसाली मुख्य बाजार में भूकंप से आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने, जखन्याली में बादल फटने से मार्ग अवरुद्ध होने, गौशाला एवं आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने, पशुओं के घायल होने, नरेंद्रनगर के बगड़धार में ऋषिकेश-चंबा एनएच पर भूस्खलन से वाहन के मलबे में दबने की स्थिति, पीएचसी नैनबाग में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने और लोगों के घायल होने की स्थिति में भी राहत-बचाव का अभ्यास किया।

धनोल्टी स्थित सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी से फंसे दो यात्रियों को संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। टिहरी बांध से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना पर देवप्रयाग और मुनिकीरेती क्षेत्र में घाटों को खाली कराया गया। इस मौके पर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ.राम प्रकाश, ईई जल संस्थान सत्येंद्र गुप्ता, एआरटीओ राजेंद्र बिराटिया, डीएसओ मनोज डोभाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी