home page

हरेला पर जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 | 
हरेला पर जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


हरेला पर जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


नैनीताल, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा और प्रकृति संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व पर जनपद नैनीताल में जिला मुख्यालय से लेकर जनपद के सभी नगरों, विकासखंडों और न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत एवं वन पंचायत स्तर तक वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत हजारों पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी की।

कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कुमाऊँ कमिश्नरी परिसर में पौधरोपण कर मंडलवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान और प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाए। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय परिसर में पौधरोपण करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को मानसून काल के दौरान निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में विकास भवन भीमताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में छायादार, फलदार और चौड़ी पत्ती वाले पौधों का रोपण किया गया।

हरेला पर्व के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भीमताल स्थित लेक इंटरनेशनल स्कूल परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पारुल थपलियाल के नेतृत्व में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सतेंद्र सिंह नेगी, छात्र-छात्राओं तथा पीएलवी नवाब खान, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी और कैलाश आर्या सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने काठगोदाम कोतवाली परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके वृक्ष बनने तक संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पूरे जनपद के थाना परिसरों, कार्यालयों और पुलिस इकाइयों में आम, अमरूद, जामुन, बुरांश, पांगर, कटहल, आंवला, तेजपत्ता सहित स्थानीय प्रजातियों के लगभग 600 पौधे लगाए। इस अवसर पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इधर मुख्यालय में ठंडी सड़क पर नैनीताल एक्वाटिक एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) और 79 यूके बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में भी पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पांगर, पुतली, पदम और तिमूर के पौधे लगाए गए तथा क्षेत्र में प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। नासा के अध्यक्ष यशपाल सिंह रावत ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है, जबकि प्रो. रीतेश साह ने हरेला को प्रकृति संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन का पर्व बताते हुए प्रत्येक नागरिक से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। अभियान में एनसीसी के अधिकारी, जवान, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी