home page

नैनीताल के निकट जंगलों में भीषण आग, आबादी क्षेत्रों तक पहुंचने का खतरा

 | 
नैनीताल के निकट जंगलों में भीषण आग, आबादी क्षेत्रों तक पहुंचने का खतरा


नैनीताल, 20 अप्रैल (हि.स.)। नगर के आसपास गेठिया, सातताल एवं ग्राफिक एरा क्षेत्र के बाद अब मुख्यालय के निकटवर्ती एरीज और कैलाखान के पास जंगलों में भी भीषण आग लगने से स्थिति गंभीर होने लगी है। सोमवार को एरीज मोड़ के पास और कैलाखान के बीच आग तेज हवाओं और गर्मी के कारण तेजी से फैलते हुए आलूखेत गांव के समीप तक पहुंच गई, जिससे आसपास के आबाजी क्षेत्रों में खतरा उत्पन्न हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण के प्रयास शुरू किए, किन्तु दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण आग बुझाने में कठिनाई आ रही है। इसके बाद वन विभाग एवं अग्निशमन दल ने आग को आबादी क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए चारों ओर फायर लाइन बनाकर घेराबंदी की है।

उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद ने कहा कि बीते कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने और मैदानी क्षेत्रों से गर्म हवाओं के आने के बाद से पर्वतीय क्षेत्रों में वनाग्नि की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल कैलाखान और एरीज के पास जंगल में लगी आग को बुझा लिया गया है। साथ ही आगे भी आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गयी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी