home page

मानपुर पश्चिम में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
मानपुर पश्चिम में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


हल्द्वानी , 05 अक्टूबर (हि.स.)।उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मानपुर पश्चिम, हल्द्वानी में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की सदस्य मेघा ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी, जबकि राकेश जोशी ने ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्लब के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ‘मेरा अधिकार, मेरी सरकार’ रहा। नुक्कड़ नाटक की रूपरेखा ज्योति फर्त्याल द्वारा तैयार की गई।

इसमें बी.ए. पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थी पुष्कर नयाल, राकेश जोशी, शोधार्थी आशुदीप सहित क्लब के अन्य सदस्यों ने प्रतिभाग किया। नाटक के माध्यम से मतदान के अधिकार, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रस्तुति की विशेष सराहना की।

कार्यक्रम में एसआईआर से संबंधित विषय पर भी विचार व्यक्त किए गए। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मानपुर पश्चिम की पार्षद भार्गीदेशी बिष्ट का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर सहयोग करने वाले विभिन्न व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. घनश्याम जोशी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में चल रही प्रवेश प्रक्रिया का भी प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित नागरिकों को विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया एवं शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी गई तथा विश्वविद्यालय से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी रहा।

इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब और राजनीति विज्ञान विभाग की यह पहल स्थानीय समुदाय को विश्वविद्यालय से जोड़ने तथा निर्वाचन साक्षरता को जनसामान्य तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता