home page

सहस्त्रधारा में गहरी खाई में गिरे व्यक्ति का एसडीआरएफ ने निकाला शव

 | 
सहस्त्रधारा में गहरी खाई में गिरे व्यक्ति का एसडीआरएफ ने निकाला शव


देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। जनपद देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के समीप एक व्यक्ति के गहरी खाई में गिरने की घटना में एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया।

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य रात्रि में सीसीआर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि आईटी पार्क चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है।

सूचना पर स्थानीय पुलिस पहले से ही मौके पर मौजूद थी, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम को तत्काल बुलाया गया।

सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा पोस्ट से मुख्य आरक्षी संतोष रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने दुर्गम परिस्थितियों में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाते हुए खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई और उसे बाहर निकाला।

हालांकि, मौके पर ही व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी। एसडीआरएफ टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल