जनगणना में कोई भी परिवार न रहे वंचित, घर-घर पहुंचकर करें शत-प्रतिशत गणना
पौड़ी गढ़वाल, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने जनगणना-2026 के कार्यों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी परिवार को शामिल होने से वंचित न रहने दिया जाए। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही घर-घर जाकर शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनगणना के तहत दो माध्यमों से आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। इसमें प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाएंगे, जबकि दूसरी ओर नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के सभी सदस्यों की गणना घर बैठे मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से स्वयं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करें, ताकि प्रगणकों को घर-घर जाकर डेटा एकत्रित करने में लगने वाले समय को कम किया जा सके और जनगणना का कार्य सुगमता से पूरा हो। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इससे पहले भवन गणना का कार्य किया गया था। इसी क्रम में अब जनगणना के आगामी चरणों को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाना है। उन्होंने शिक्षा विभाग और पॉलिटेक्निक संस्थानों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित कर उनके मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों और आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाए।
इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, प्रभारी मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

