home page

गुंडा एक्ट की बड़ी कार्रवाई, नौ आरोपित जिला बदर, 5 को राहत

 | 

हल्द्वानी , 28 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए नौ आरोपितों को “गुंडा” घोषित करते हुए छह माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर (जिला बदर) करने का आदेश जारी किया है।

प्रशासनिक आदेश के अनुसार जिन आरोपितों को जिला बदर किया गया है, उनमें राहुल पुत्र रमेश (बंबाघेर, थाना रामनगर) – जुआ अधिनियम के 7 व गैंगस्टर एक्ट का 1 मुकदमा, संजय आर्य पुत्र रमेश चंद्र (बागजाला, थाना काठगोदाम) – आबकारी, एनडीपीएस व आईपीसी के 13 मुकदमे, अनुज राज सिंह पुत्र रमेश सिंह (चोरपानी, थाना रामनगर) – आईपीसी के 4 व शस्त्र अधिनियम का 1 मुकदमा, शाहिद पुत्र मोहम्मद रफी (खताड़ी, रामनगर) आईपीसी के 4 मुकदमे,सलमान पुत्र रईस अहमद (थाना बनभूलपुरा) – आर्म्स एक्ट, आईपीसी व एनडीपीएस के विभिन्न मुकदमे, मोहसिन पुत्र नासिर (पप्पू का बगीचा, बनभूलपुरा) एनडीपीएस के कई मुकदमे, शादाब पुत्र सज्जाद (थाना बनभूलपुरा) आर्म्स एक्ट व आईपीसी के 7 मुकदमे, प्रदीप सागर अमन पुत्र पूरनचंद सागर (लामाचौड़, थाना मुखानी) – एनडीपीएस, आबकारी व आईपीसी के 9 मुकदमे शामिल हैं।प्रशासन के अनुसार इन सभी व्यक्तियों का आपराधिक इतिहास गंभीर है और इनकी गतिविधियां क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही थीं।

इसी आधार पर इन्हें छह महीने के लिए जनपद नैनीताल की सीमाओं से बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं। जांच के दौरान वर्तमान गतिविधियों में सुधार पाए जाने पर प्रशासन ने कुछ आरोपितों को राहत भी दी है। इनमें शनि बाबू पुत्र राम सुरेश बाबू (निर्मल कॉलोनी, लालकुआं), संजय बिनवाल पुत्र कुंदन सिंह (राजीव नगर, थाना लालकुआं), हिमांशु शाही पुत्र गौरव शाही (दुगई स्टेट, थाना भवाली), कौशल चिलवाल पुत्र राजेंद्र चिलवाल (इंदिरा कॉलोनी, रामनगर) आईपीसी के 5 मुकदमे,सूरज कुमार पुत्र कालूराम (देवलचौड़),मोहम्मद आबिद पुत्र शब्बीर (थाना कालाढूंगी) शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध चल रहे गुंडा एक्ट के नोटिस को निरस्त कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता