मद्महेश्वर धाम यात्रा फिर शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रुद्रप्रयाग, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में अस्थायी रूप से स्थगित श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा बुधवार से फिर शुरू हो गई। प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण और संबंधित विभागों की रिपोर्ट के आधार पर यात्रा संचालन की अनुमति दी है।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला और वृद्ध यात्रियों की सहायता के साथ आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, यात्रा मार्ग पर दुर्घटना या आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल और सुरक्षा उपकरणों की जांच कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए ट्रॉली संचालन का समय भी निर्धारित किया गया है। ट्रॉली सुबह 6:30 से 9 बजे, 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगी। निर्धारित अंतराल में विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों और संबंधित विभागों के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करने की अपील की है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

