उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम सामान्य रहने के आसार हैं, हालांकि कुछ पर्वतीय जनपदों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा, गरज-चमक के साथ बारिश तथा 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से कम से सामान्य के बीच दर्ज किया गया। आगामी एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है, जिसके बाद अगले 2-3 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। देहरादून में मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

