home page

रात दस बजे आबादी में पहुंच रहा गुलदार, न्यू बस स्टेशन क्षेत्र में खौफ

 | 

गोपेश्वर, 19 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के घिंघराण मोटर मार्ग के न्यू बस स्टेशन के आसपास गुलदार की सक्रियता से स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है। बीते दो दिनों से गुलदार लगातार आबादी क्षेत्र में दस्तक दे रहा है। बीती रात गुलदार ने क्षेत्र में पालतू कुत्तों को अपना निवाला बना लिया। इसके बाद से लोगों में भय और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुलदार रात करीब दस बजे के आसपास आबादी में दिखाई दे रहा है।

न्यू बस स्टेशन के आसपास रिहायशी बस्ती होने के साथ ही यहां से केंद्रीय विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों के बच्चे भी आवाजाही करते हैं। ऐसे में गुलदार की लगातार मौजूदगी ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान किसी अनहोनी का डर सता रहा है, वहीं रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी लोग एहतियात बरत रहे हैं।

स्थानीय निवासी शंकर, सुमित्रा, अनूजा पोखरियाल, रोशनी पोखरियाल का कहना है कि इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है। पिछले वर्ष भी यहां भालू और गुलदार की मौजूदगी देखी गई थी। अब एक बार फिर गुलदार के आबादी क्षेत्र में पहुंचने और पालतू कुत्तों को शिकार बनाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग ने जरूरी कदम नहीं उठाए तो किसी दिन वन्यजीव के हमले से बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और उसकी सक्रियता से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही केंद्रीय विद्यालय जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में विशेष निगरानी और लोगों को सतर्क करने की व्यवस्था करने की अपील की है। फिलहाल गुलदार की दस्तक से न्यू बस स्टेशन के आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल