न्याय रथ से सौड़ गांव पहुंचा विधिक सेवा अभियान, घर-घर चिन्हित होंगे पात्र लाभार्थी
नैनीताल, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की जनकल्याणकारी और विधिक सेवा योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल ने सौड़ गांव में मेगा अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने जिला न्यायालय परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर सौड़ के लिए रवाना किया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत विधिक स्वयंसेवक घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों की पहचान करेंगे तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही करेंगे। ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और अन्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभियान की नियमित निगरानी के साथ कार्यों का दस्तावेजीकरण और प्रगति विवरण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजेगा। इस अवसर पर आमजन से कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कानूनी समस्या में निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की गई। कार्यक्रम में मुख्य विधिक सहायता अधिवक्ता सोहन तिवारी, उप विधिक सहायता अधिवक्ता हेमा शर्मा, अधिवक्ता तारा आर्या, नाजिर धीरज सुयाल, कनिष्ठ सहायक राहुल डंगवाल, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी, अजय बिष्ट और अनीता बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

