home page

इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू कराने की मांग, जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 | 
इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू कराने की मांग, जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


नई टिहरी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। टिहरी जिले के इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग तेज हो गई है। सारज्यूला क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय को ज्ञापन भेजकर मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध के कारण प्रभावित टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना जरूरी है।

शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें कहा गया कि इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। यह स्थल जिला अस्पताल और जिला मुख्यालय से महज आठ किलोमीटर दूर है। संबंधित विभाग प्रस्तावित स्थल का मृदा परीक्षण भी करा चुका है, जबकि कार्यदायी संस्था ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी है।

ज्ञापन में कहा गया कि इणियां में मेडिकल कॉलेज बनने से टिहरी के साथ उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इस मांग को लेकर पिछले करीब दो माह से बौराड़ी में जनांदोलन चल रहा है। जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भी यह मांग उठाई थी।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इणियां जिले के केंद्र बिंदु में स्थित है। ऐसे में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए जल्द भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमित्रा पंवार, देवेंद्र चौहान, ग्राम प्रधान बुडोगी भूपेंद्र चौहान, बागी की ग्राम प्रधान कविता नेगी, पाटा के प्रवेश भट्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मुनेंद्र भट्ट, हरि पुंडीर, सुरेंद्र दत्त, जयेंद्र रावत, सुंदर सिंह कठैत, विजय चौहान, रणजीत नेगी, जसपाल रावत, भूपेंद्र तोपवाल और वीरचंद सिंह तोपवाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी