डाक विभाग ने शुरू की बारकोड आधारित नई व्यवस्था
नैनीताल, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग ने अपने डिजिटल परिवर्तन कार्यक्रम आईटी 2.0 (एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी-एपीटी) के तहत साधारण डाक को भी ऑनलाइन ट्रैक करने की ऐतिहासिक पहल शुरू कर दी है। अब तक केवल स्पीड पोस्ट और रजिस्टर्ड डाक की ट्रैकिंग संभव थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद साधारण पत्र, अंतर्देशीय पत्र, बुक पोस्ट तथा छोटे साधारण पार्सलों की भी बारकोड के माध्यम से निगरानी की जा सकेगी। नैनीताल के एसएसपी यानी प्रवर डाक अधीक्षक अमित दत्त ने बताया कि इस व्यवस्था से डाक सेवाएं अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और आधुनिक बनेंगी, और साधारण दरों पर भेजे जाने पत्रों का उनके गंतव्य पर पहुंचना सुनिश्चित हो सकेगा।
प्रवर डाक अधीक्षक अमित दत्त ने बताया कि नई प्रणाली के तहत प्रत्येक साधारण डाक पर एक विशिष्ट बारकोड अंकित किया जाएगा। डाक की बुकिंग से लेकर छंटाई और अंतिम वितरण तक प्रत्येक चरण में उसे स्कैन किया जाएगा, जिससे उसकी वर्तमान स्थिति का पता इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट अथवा संबंधित डाकघर के माध्यम से लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे साधारण डाक के गुम होने अथवा समय पर न पहुंचने जैसी शिकायतों में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय संचार मंत्रालय ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी डाक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनके अनुसार सभी छंटाई केंद्रों और वितरण डाकघरों में आने वाली प्रत्येक साधारण डाक की शत-प्रतिशत स्कैनिंग अनिवार्य होगी। बल्क अथवा वाणिज्यिक डाक भेजने वालों को लिफाफे के निचले हिस्से में कम से कम 15 मिलीमीटर स्थान बारकोड मुद्रण के लिए खाली रखना होगा। इस योजना के लिये हैंडहेल्ड स्कैनर एवं कंप्यूटर प्रणालियों को क्लाउड आधारित मेघराज 2.0 प्रणाली से जोड़ा जाएगा तथा डाकियों एवं अन्य कर्मचारियों को बारकोड स्कैनिंग का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

