कूटा ने शहरी विकास मंत्री कैड़ा से की भेंट, विश्वविद्यालय व नगर की समस्याओं के समाधान की मांग
नैनीताल, 19 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को नैनीताल आये उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा से भेंट कर उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं पौधों का फ्लायर भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय एवं नैनीताल नगर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में कूटा ने उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षकों के विनियमितीकरण की कट-ऑफ तिथि वर्ष 2026 तक बढ़ाने, संविदा प्राध्यापकों का वेतन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के मानकों के अनुरूप निर्धारित करने तथा कुमाऊं विश्वविद्यालय परिसर के सात नंबर क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल के पॉलीटेक्निक चुंगी मार्ग, टांकी बैंड रोड तथा खुर्पाताल रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने का भी अनुरोध किया, ताकि स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। शिष्टमंडल में विधायक सरिता आर्य, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी तथा डॉ. भुवन आर्य शामिल रहे। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

