home page

सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो महिला टप्पेबाज गिरफ्तार

 | 
सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो महिला टप्पेबाज गिरफ्तार


पौड़ी गढ़वाल, 26 जुलाई (हि.स.)। सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले गिरोह का कोटद्वार पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो शातिर महिला टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और लॉकेट बरामद किए हैं। दोनों महिलाएं भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से आभूषण उड़ाने की वारदातों को अंजाम देती थीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि 19 जुलाई को मेरठ निवासी संगम प्रजापति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिद्धबली मंदिर में दर्शन के दौरान अज्ञात महिलाओं ने भीड़ का लाभ उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की गई। साथ हीं विशेष टीम ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। पुलिस ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं।

लगातार निगरानी के बीच 25 जुलाई को सूचना मिली कि दोनों महिलाएं फिर किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र पहुंच रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुलर पुल, सनेह रोड पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा रानी निवासी धनौरा, जिला अमरोहा तथा सरोज निवासी मोहम्मदपुर बछरायूं, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे मेले, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले मंदिरों में महिलाओं के कीमती आभूषणों पर नजर रखती थीं। मौका मिलते ही भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन, मंगलसूत्र और अन्य आभूषण चोरी कर घटनास्थल से फरार हो जाती थीं। पुलिस दोनों महिलाओं के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में इसी तरह की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह