केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर हल्द्वानी में विकास गोष्ठी
हल्द्वानी , 12 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विकासखंड हल्द्वानी सभागार में विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ तथा इसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मंजू गौड़ ने की।गोष्ठी के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और आमजन को दी गई।
साथ ही विकास पुस्तिका का वितरण कर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों से अवगत कराया गया।बैठक में एबीडीओ प्रदीप पंत ने मनरेगा के स्थान पर आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाली बीबीजीआरजी योजना के संबंध में उपलब्ध जानकारी साझा की। उन्होंने आवास प्लस ग्रामीण योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी।
समाज कल्याण विभाग की योजनाओं पर एडीओ समाज कल्याण कुमारी पूजा भट्ट ने प्रकाश डाला। वहीं, रीप एवं एनआरएलएम से जुड़ी जानकारी रीप समन्वयक मनोज भट्ट द्वारा दी गई। पंचायत संबंधी विषयों, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा यूसीसी (समान नागरिक संहिता) से संबंधित जानकारी एडीओ पंचायत ललित सिंह ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों एव नागरिकों को दी।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि पूरन गौड़, क्षेत्र पंचायत सदस्य नेहा भुवन प्रसाद, पूनम भट्ट, चिंतामणि पांडे सहित विकासखंड के एनआरएलएम एवं रीप स्टाफ, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

