home page

केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही बाधित

 | 
केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही बाधित


गुप्तकाशी, 18 जुलाई (हि.स.)। मूसलाधार बारिश के चलते गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। चीरबासा के निकट पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण मार्ग लगभग बंद है।

शनिवार को तीर्थयात्री जोखिम के बीच एक-दूसरे का हाथ पकड़कर संकरे मार्ग से गुजरते नजर आए। वहीं मार्ग बाधित होने के कारण शुक्रवार से केदारनाथ यात्रा के लिए घोड़े-खच्चरों का संचालन पूरी तरह बंद है। हालांकि चीरबासा से आगे विभिन्न स्थानों पर रुके घोड़ा-खच्चर संचालक पैदल यात्रियों को केदारनाथ धाम तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं।

लोनिवि के अधिशासी अभियंता सुनील सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ियों से बोल्डर और मलबा गिर रहा है। इसके बावजूद विभाग के श्रमिक युद्धस्तर पर मार्ग को सुचारु करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर मार्ग अभी भी काफी संकरा है, लेकिन श्रमिक लगातार उसे चौड़ा और सुरक्षित बनाने का कार्य कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द घोड़े-खच्चरों का संचालन भी दोबारा शुरू कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन