केदारनाथ यात्रा : हेली टिकट के नाम पर ठगने वालाें की कसी नकेल, 471 फर्जी साइबर माध्यमाें पर हुई कार्रवाई
फर्जीवाड़ा करने के आराेप में 260 संदिग्ध फेसबुक पेजों को किया गया चिन्हित पुलिस ने 205 फेसबुक पेज, दस इंस्टाग्राम खाते व 164 फाेन नंबर कराए ब्लाॅक
रुद्रप्रयाग, 24 अप्रैल (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पहले ही साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। हेलीकॉप्टर सेवाओं और नामी कंपनियों के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोहों पर नकेल कसते हुए “साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स” ने अब तक 471 संदिग्ध माध्यमों पर कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में गठित 'साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स' ने यात्रा के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की है। यात्रा शुरू होने से पहले ही हेलीकॉप्टर बुकिंग और प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले 260 संदिग्ध फेसबुक पेजों को पुलिस ने चिन्हित किया, जिनमें से 205 पेजों को सफलतापूर्वक टेकडाउन करा दिया गया। इसके अलावा 16 इंस्टाग्राम खातों को ब्लॉक करने को लेकर रिपोर्ट किया गया है। साइबर अपराधियों के इस्तेमाल किए जा रहे 164 मोबाइल नंबरों को टेलीकॉम कंपनियों और व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लॉक कराया गया है। वहीं पांच बैंक खातों की जांच में एक खाते को तत्काल ‘डेबिट फ्रीज’ किया गया है, जबकि अन्य खातों पर भी कार्रवाई तेजी से जारी है। हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाली 34 संदिग्ध वेबसाइट्स को डोमेन रजिस्ट्रार के माध्यम से बंद कराया गया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया कि हेली सेवा की बुकिंग केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही की जाए। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के फेसबुक लिंक, व्हाट्सएप मैसेज या अन्य अनजान विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। उत्तराखण्ड पुलिस ने दोहराया है कि “सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित श्रद्धालु” उनका प्रमुख लक्ष्य है और इसके लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

