home page

जनगणना ड्यूटी को लेकर शिक्षको ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

 | 
जनगणना ड्यूटी को लेकर शिक्षको ने जिलाधिकारी से की मुलाकात


हल्द्वानी , 24 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना ड्यूटी को लेकर उत्पन्न समस्याओं के समाधान हेतु आज प्राथमिक शिक्षक संगठन, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संगठन एवं राजकीय शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी से मुलाकात की।

इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान में जनगणना कार्य के लिए ड्यूटी निर्धारण में कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांग एवं गंभीर रूप से अस्वस्थ शिक्षकों को भी ड्यूटी में शामिल किया गया है। इसके अलावा विद्यालयों के संस्था अध्यक्षों को भी ड्यूटी पर तैनात किया गया है, जिससे विद्यालय संचालन प्रभावित होने की आशंका है।संगठनों ने यह भी कहा कि बार-बार ड्यूटी में बदलाव किए जाने से शिक्षकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

कई ऐसे शिक्षक भी ड्यूटी में लगाए गए हैं जिन्हें पुराने एंड्रॉयड फोन के संचालन की पर्याप्त जानकारी नहीं है, जिससे कार्य निष्पादन में दिक्कतें आ सकती हैं। इसके साथ ही आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों को भी जनगणना ड्यूटी में लगाया गया है, जो नियमों के विपरीत बताया गया।यह भी मुद्दा उठाया कि अनेक शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र से काफी दूर लगाई गई है, जिससे आवागमन में कठिनाई और कार्य में जटिलता बढ़ेगी।

उन्होंने मांग की कि शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र के निकट ही निर्धारित की जाए, ताकि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कर सकें।जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी यथासंभव उनके कार्यक्षेत्र के आसपास ही लगाई जाएगी और अनावश्यक परेशानियों को दूर किया जाएगा।

इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संगठन के डिकर सिंह पडियार, राजकीय शिक्षक संघ के गिरीश जोशी, मदन गिरी गोस्वामी, हेमचंद्र पाठक, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के डॉ. देवकीनंदन भट्ट, खीमेश भट्ट एवं अशासकीय शिक्षक संगठन के एल.डी. पाठक सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता