home page

भारी वर्षा के कारण दो रात ज्योलीकोट-क्वारब मार्ग रहेगा बंद, डायवर्जन प्लान जारी

 | 
भारी वर्षा के कारण दो रात ज्योलीकोट-क्वारब मार्ग रहेगा बंद, डायवर्जन प्लान जारी


नैनीताल, 10 जुलाई (हि.स.)। मौसम विभाग द्वारा 11 जुलाई तक के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (पूर्व एनएच-87 विस्तार) के ज्योलीकोट-क्वारब मार्ग पर रात्रिकालीन यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए 10 एवं 11 जुलाई की रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक इस मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।

लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता के अनुसार ज्योलीकोट-क्वारब मार्ग के पाड़ली (किमी संख्या 26), फ्रॉग प्वाइंट (किमी संख्या 33) और छड़ा ( किमी संख्या 38) क्षेत्र में भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन तथा मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। इसी कारण 10 और 11 जुलाई को रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक इस मार्ग पर सामान्य यातायात बंद रहेगा।

इस दौरान अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़-भवाली मार्ग से होकर जाएंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले वाहन खुटानी मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि अन्य वाहन भवाली-रामगढ़-नथुवाखान-क्वारब होकर अल्मोड़ा जाएंगे। हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले वाहन भवाली-रामगढ़-नथुवाखान-क्वारब-अल्मोड़ा मार्ग से संचालित होंगे। वहीं नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा तथा रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भवाली-रामगढ़-नथुवाखान-क्वारब होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवा के वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट रहेगी। जनपद पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करें तथा पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

हाईकोर्ट के पास पेड़ गिरा, दो घायल

लगातार हो रही वर्षा के बीच गुरुवार रात नैनीताल उच्च न्यायालय के समीप न्यू पैवेलियन होटल के पास एक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दो राहगीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन सेवा की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के साथ मिलकर गिरे हुए पेड़ को हटाया तथा मार्ग को सुरक्षित कराया। इस दौरान पेड़ की चपेट में आए अब्दुल वाशिद्ध (58) और दीवान चंद्र आर्या (32) को तत्काल बाहर निकालकर बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना के बाद प्रशासन ने लगातार वर्षा के दौरान पेड़ों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी