home page

जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को मंजूरी

 | 
जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को मंजूरी


हल्द्वानी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में आठ जिप्सियों के संचालन को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी जिप्सी संचालन की अनुमति देने पर सहमति बनी।

मंडलायुक्त ने परिवहन और पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की आवश्यकता का आकलन करने के लिए वन विभाग से वर्तमान संचालन और पर्यटकों की संख्या के आधार पर विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा। इसके आधार पर आगामी बैठक में आगे का निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को मार्गवार मांग का परीक्षण कर आवश्यकता के अनुरूप परमिट जारी करने के निर्देश दिए। निर्धारित मार्ग से अलग अथवा रूट के विपरीत वाहन चलाने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह,आरटीओ गुरदेव सिंह,एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार समेत संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता