home page

जल जीवन मिशन पर सवाल : करोड़ों खर्च सड़कें खोदी फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी

 | 
जल जीवन मिशन पर सवाल : करोड़ों खर्च सड़कें खोदी फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी


हल्द्वानी , 14 मई (हि.स.)। नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च कर पेयजल लाइनें तो बिछा दी गईं, लेकिन आज तक कई गांवों और वार्डों में पानी नहीं पहुंच सका। नीरज तिवारी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जल संस्थान अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द हर घर तक पानी नहीं पहुंचा, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के नाम पर जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बरसात से पहले भी विभागीय लापरवाही जारी है और ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।ग्राम प्रधान हेमू पड़लिया ने भी अधूरी योजनाओं को कागजों में पूरा दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि टूटी और खोदी गई सड़कों के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता