home page

सैन्य सम्मान के साथ आईटीबीपी के उप निरीक्षक सजवाण का अंतिम संस्कार

 | 
सैन्य सम्मान के साथ आईटीबीपी के उप निरीक्षक सजवाण का अंतिम संस्कार


नई टिहरी, 08 अगस्त (हि.स.)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में उप निरीक्षक पद पर तैनात शीशपाल सजवाण का ड्यूटी के दौरान बरेली यूपी में हार्ट अटैक से निधन हो गया। देश से लिए शहादत देने वाले शीशपाल सजवाण चंबा के गुल्डी गांव निवासी थे। कोटी कालोनी में उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया।

गुल्डी गांव की प्रधान नीलम सजवाण ने बताया कि बीते शुक्रवार को बरेली में आईटीबीपी में तैनात शीशपाल सजवाण का हार्ट अटैक से निधन हो गया। देर शाम को उनके पार्थिव शरीर को चंबा के गुल्डी गांव पहुंचाया गया। शव के पहुंचते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। वहां मौजूद लोगों ने उनकी पत्नी बीना सजवाण और अन्य लोगों को ढांढस बंधाया। शनिवार को आईटीबीपी मातली की टीम ने उन्हें गार्ड ऑन ऑनर देकर विदा किया। कोटी कालोनी में सैन्य सम्मान के साथ वीर सैनिक का अंतिम संस्कार किया गया।

ग्राम प्रधान ने बताया कि वह अपने पीछे पुत्र ऋषभ सजवाण, एक विवाहिता पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, अरविंद सजवाण, पूर्व सैनिक संगठन के महामंत्री महिपाल सजवाण, सोहनवीर सजवाण, परमजीत सिंह सजवाण आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी