home page

होम स्टे इकाइयों के निरीक्षण में पांच को नोटिस, दो पर 10-10 हजार का अर्थदंड

 | 
होम स्टे इकाइयों के निरीक्षण में पांच को नोटिस, दो पर 10-10 हजार का अर्थदंड


नैनीताल, 25 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शनिवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या एवं नैनीताल के तहसीलदार अक्षय भट्ट ने जनपद में संचालित होम स्टे इकाइयों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 11 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया।

जांच में विभिन्न स्तरों पर अनियमितताएं पाए जाने पर पांच होम स्टे इकाइयों को होम स्टे नियमावली के प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वहीं दो इकाइयों के विरुद्ध 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। निरीक्षण के दौरान दो अन्य होम स्टे इकाइयों के विरुद्ध पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा है कि जनपद में संचालित होम स्टे इकाइयों का नियमित भौतिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। पर्यटकों की सुरक्षा तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी भी इकाई में नियमों के उल्लंघन अथवा अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों से होम स्टे नीति एवं नियमावली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी