home page

नैनीताल में 10 हजार से अधिक पर्यटकों की आमद, दिनभर जाम से जूझा शहर

 | 
नैनीताल में 10 हजार से अधिक पर्यटकों की आमद, दिनभर जाम से जूझा शहर


नैनीताल, 08 जून (हि.स.)। मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी और विद्यालय के शुरू हो चुकी ग्रीष्मकालीन अवकाश के साथ पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र ने गति पकड़ ली है। सोमवार को सप्ताहांत के बाद भी नगर में 15 सौ से अधिक पर्यटक वाहनों से 10 हजार से अधिक सैलानियों की आमद बतायी गयी है।

इससे नगर की नैनी झील, माल रोड, स्नो व्यू, पंगोट और हिमालय दर्शन सहित प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से भरे रहे। सुहावने मौसम का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों से बाजारों में भी रौनक रही, जबकि पर्यटन कारोबार को भी गति मिली।

यह तब है जबकि नैनीताल पुलिस ने बिना होटलों की बुकिंग के आ रहे सैलानियों के वाहनों को नगर से लगभग 8 किमी पहले रूसी बाइपास और नारायण नगर में रोक दिया, और शटल टैक्सियों से नगर में भेजा, इसके बावजूद नगर पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण नगर की यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। नगर की डीएसए पार्किंग सहित सभी प्रमुख पार्किंग स्थल दोपहर तक भर गये।

माल रोड, बायपास, बारापत्थर, हिमालय दर्शन मार्ग तथा भवाली, हल्द्वानी और कालाढूंगी मार्ग पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। कैंची धाम से नैनीताल आने वाले मार्ग पर सबसे अधिक यातायात दबाव देखा गया। पर्यटन स्थलों के आंकड़ों के अनुसार प्राणी उद्यान में 16 सौ, केव गार्डन में 8 सौ 20 व रोपवे में 7 सौ से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया।

पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूसी बायपास से वाहनों का डायवर्जन किया व शटल सेवा संचालित की। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि सप्ताहांत से पर्यटन कारोबार में तेजी बनी हुई है और नगर के लगभग 80 प्रतिशत होटल एवं होमस्टे पूर्ण रूप से आरक्षित चल रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी