home page

भारत-नेपाल सीमा पर संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी


पिथौरागढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोतवाली जौलजीबी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने आज संयुक्त कांबिंग की।

अभियान के दौरान सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संयुक्त गश्त में कोतवाली जौलजीबी के अपर उपनिरीक्षक महेश पंत पुलिस टीम के साथ और एसएसबी के सहायक कमांडेंट आयुष शर्मा एसएसबी जवानों के साथ शामिल रहे। गश्त के दौरान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

गश्त के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से संवाद कर उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

पिथौरागढ़ जिले में भारत- नेपाल के बीच आवागमन के लिए लगभग 10 झूलापुल हैं। इन्हीं पुलों से दोनों देशों के बीच लोग आवाजाही करते हैं। एसएसबी द्वारा आने जाने वाले लोगों के साथ ही सामान की भी जांच की जाती है। काली नदी से प्रतिबंधित सामान की तस्करी की आशंका को देखते हुए लगातार गश्त की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी