home page

टीबी मुक्त गांव बनाने में ग्राम प्रधानों की होगी अहम भूमिका

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 20 सितंबर (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक सभागार एकेश्वर में ग्राम प्रधानों के लिए एक दिवसीय टीबी प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में ग्राम प्रधानों को टीबी की पहचान, बचाव, समय पर जांच और उपचार की जानकारी दी गई।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जीशान मलिक ने ग्राम प्रधानों को टीबी के प्रमुख लक्षणों और बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन में ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने तथा उपचार करा रहे मरीजों को नियमित दवा लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों की सक्रिय भागीदारी और सामुदायिक सहयोग से गांवों को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को गति दी जा सकती है। कार्यशाला में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. निकिता चौधरी, ग्राम प्रधान रिंगवाड़ी सुनीता देवी, बड़ेथ की स्वाती देवी, भंडाली की प्रियंका देवी, नौगांव की हेमलता देवी, मंजेड़ी के संजय डंडियाल, दामोदर ममगाई सहित अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह