एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
नई टिहरी, 14 सितंबर (हि.स.)। एचएनबी गढवाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हो गया। 29 सितम्बर को पखवाड़े का समापन होगा। वहीं खाड़ी महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर हिंदी में कामकाज को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सोमवार को खाड़ी महाविद्यालय में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए कई भाषाई प्रतियोगिताओं कराई। निबंध में छात्र-छात्राओं ने राजभाषा हिंदी के महत्व, वैश्विक स्तर पर हिंदी की स्थिति, डिजिटल युग और सोशल मीडिया में हिंदी की स्थिति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हिंदी अवसर एवं चुनौतियां और लोक भाषा से राजभाषा तक हिंदी का विकास जैसे विषयों पर विचार रखे। डॉ इरा सिंह ने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक महत्व और हिंदी साहित्य के महान साहित्यकारों भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा, सुमित्रानंदन पंत के योगदान को बताया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह, डॉ. सनव्वर, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. ममता, शूरवीर दास, मनीषा, आशीष, दीपक, पंकज, हितेश मौजूद थे।
इधर, एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में निदेशक प्रो. एए बौडाई, विभागाध्यक्ष प्रो. अर्पणा सिंह ने पखवाड़े का शुभारंभ किया। मुख्य वक्ता डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. गौतम कुमार ने हिंदी भाषा के संवैधानिक स्वरूप, राजभाषा के रूप में उसकी स्थिति सहित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। पखवाड़े में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, सुलेख, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आहूत होंगी। इस मौके पर प्रो. पीडी सेमल्टी, प्रो. सुनीता गोदियाल, प्रो. जेडीएस नेगी, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. हसंराज बिष्ट, पारुल, अनुणेस, पंकज मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

