स्वास्थ्य विभाग को 30 और विशेषज्ञ चिकित्सक,मंत्री ने तैनाती प्रस्ताव को दी मंजूरी
देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग को 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक मिले हैं। इन चिकित्सकों की तैनाती के प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या में और वृद्धि हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बुधवार काे बताया कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती लगातार की जा रही है और 30 नए विशेषज्ञों के जुड़ने से चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद राज्य सेवा में लौटे इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप विभिन्न जनपदों में एक यूनिट के रूप में तैनात किया गया है। विभाग के अनुसार इससे न केवल विशेषज्ञों के बीच समन्वय बेहतर होगा, बल्कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बागेश्वर में ईएनटी, ऑब्स एंड गायनी और एनेस्थीसियोलॉजी के विशेषज्ञ, पौड़ी में जनरल सर्जरी, रेस्पिरेट्री मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स के साथ जनरल मेडिसिन व ऑब्स एंड गायनी के दो-दो विशेषज्ञ, जबकि पिथौरागढ़ में ऑब्स एंड गायनी, पैथोलॉजी,फॉरेंसिक मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी के विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं।
इसी प्रकार रुद्रप्रयाग में पीडियाट्रिक्स, जनरल मेडिसिन और एनेस्थीसियोलॉजी, हरिद्वार में कम्युनिटी मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और जनरल सर्जरी, उत्तरकाशी में जनरल सर्जरी, ईएनटी, एनेस्थीसियोलॉजी और ऑप्थल्मोलॉजी, चमोली में जनरल मेडिसिन और ईएनटी, जबकि देहरादून में पैथोलॉजी, एनेस्थीसियोलॉजी और फॉरेंसिक मेडिसिन के विशेषज्ञों की तैनाती की गई है।
विभाग का कहना है कि इन नियुक्तियों से विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इन जनपदों में मिली नवीन तैनाती:
पीजी कोर्स के उपरांत विभाग में लौटे विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक यूनिट के रूप में विभिन्न जनपदों में नवीन तैनाती दी गई। जिसमें डाॅ. मुकेश वर्मा को जिला चिकित्सालय बागेश्वर,डाॅ.सोनम सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गरूड़ तथा डाॅ. शिप्रा चन्द्रा को मुख्य चिकित्साधिकारी बागेश्वर के अधीन तैनाती दी गई है। इसी प्रकार डाॅ. दीपिका,डाॅ.आशीष सांगवान व डाॅ.मोनिका नौटियाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीरोंखाल पौड़ी, डाॅ.दीक्षा बिष्ट व डाॅ. गरिमा उप जिला चिकित्सालय थलीसैण, डाॅ. शिल्पी व डा. प्रीति गौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाबौं, डाॅ. संजय डालाकोटी को उप जिला चिकित्सालय कोटद्वार में तैनाती दी गई है। डाॅ. रूचिका कविदयाल, डाॅ.कमल किशोर,डाॅ.निवेदिता सजवाण व डाॅ.मणि भूषण पंत को जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़,डाॅ.हेमा असवाल, डाॅ.गिरीश सिंह रावत व डाॅ. किरण रावत को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अगस्तमुनि, डा. भारती बलूनी को जिला चिकित्सालय हरिद्वार,डाॅ.पल्लवी वर्मा व डाॅ.गार्गी त्यागी को उप जिला चिकित्सालय रूड़की,डा.सीमा शर्मा को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी,डाॅ.आजम अकील को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़कोट,डाॅ.गौरव कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिन्यालीसौड़ तथा डाॅ.लोकेश कुमार को मुख्य चिकित्साधिकारी उत्तरकाशी के अधीन नवीन तैनाती मिली है। इसी प्रकार डाॅ.श्रेय कुमार को जिला चिकित्सालय चमोली,डाॅ.अमन सैफी को उप जिला चिकित्सालय गैरसैंण,डाॅ.शैफाली देउपा को उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश,डाॅ.अंजली पंवार को उप जिला चिकित्सालय विकासनगर तथा डाॅ.नितिन मलिक को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन देहरादून में तैनाती दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

