home page

पौड़ी में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का उठाया लाभ

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तरा केयर हॉस्पिटल द्वारा ग्राम सभा क्यार्क में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 35 ग्रामीणों ने निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण का लाभ प्राप्त किया।

बुधवार को आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन स्तर, नाड़ी गति, वजन और बीएमआई की जांच की गई। शिविर में मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही मुख कैंसर, स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच व परामर्श भी दिया गया। आईएसएसए फाउंडेशन के निदेशक आईएस नेगी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिससे हर व्यक्ति समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ प्राप्त कर सके। बताया कि 4 जुलाई को उत्तरा केयर हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश हॉस्पिटल, देहरादून के न्यूरोलॉजी, त्वचा एवं चर्म रोग, किडनी रोग, हृदय रोग के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान करेंगे। बताया कि इस दौरान मरीजों को मस्तिष्क एवं तंत्रिका संबंधी रोग, हृदय रोग, किडनी संबंधी समस्याओं तथा त्वचा रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह