हल्द्वानी हाईवे पर टूटा पहाड़ दोनों तरफ वाहनों की कतार
हल्द्वानी , 30 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल-हल्द्वानी हाइवे पहाड़ी का एक हिस्सा गिरने से बाधित हो गया है। तड़के सवेरे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से बॉल्डर गिरने से नैनीताल दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। पहाड़ी से दोगांव के पास बोल्डर गिरने से मार्ग बाधित हो गया और राजमार्ग में दोनों तरफ वाहनों का तांता लग गया।
घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुँच गया है। जे.सी.बी.मशीन से बॉल्डर और मालवा हटाने का कार्य शुरू हो गया है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में पहाड़ का हिस्सा टूटकर सड़क में गिरा था। पहाड़ी से गिरे स्लेटनुमा पत्थरों से न केवल सड़क बाधित हुई बल्कि इससे राजमार्ग का पैराफिट भी श्रतिग्रस्त हो गया।
भूस्खलन से बड़ी मात्रा में मलुवा सड़क के नीचे नदी और जंगल में भी चला गया।लोक निर्माण विभाग की तरफ से दो जे.सी.बी.मशीन लगाकर सड़क खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। पहाड़ी से लगातार स्लेट(पत्थर) गिरने से कार्य में परेशानी हो रही है। माना जा रहा है कि अगले डेढ़ से दो घंटों में मार्ग को सुचारू कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

