home page

गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय बेसिक स्काउट व गाइड कोर्स

 | 
गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय बेसिक स्काउट व गाइड कोर्स


हल्द्वानी , 04 सितंबर (हि.स.)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला नैनीताल के तत्वावधान में गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित सात दिवसीय बेसिक स्काउट एवं गाइड कोर्स उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में हल्द्वानी ब्लॉक एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग की मूल अवधारणाओं के साथ-साथ प्राथमिक सहायता एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार की पट्टियां बांधने, स्ट्रेचर बनाने, सीपीआर, विभिन्न गांठों एवं लेशिंग का अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान रोलिंग हिच, टिम्बर हिच, ड्रॉ हिच, फायरमैन नॉट, शीयर लेशिंग एवं स्क्वायर लेशिंग जैसी महत्वपूर्ण स्काउटिंग तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त अनुमान विधि से विभिन्न दूरियों का पता लगाने का अभ्यास कराया गया। स्काउट आंदोलन, इतिहास, लीडरशिप, प्रगतिशील विवरण आदि की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के पंचम दिवस पर वृहद शिविराग्नि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने सामाजिक जागरूकता, स्थानीय संस्कृति एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक विरासत और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। छठे दिवस पर हाइक एवं दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन द मास्टर्स स्कूल, पनियाली में किया गया। प्रतिभागियों ने हाइक के माध्यम से प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया। दीक्षा कार्यक्रम के दौरान स्काउटिंग एवं गाइडिंग के मूल सिद्धांतों, सेवा भावना और अनुशासन के प्रति प्रतिभागियों को संकल्पित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षण संयोजकों ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। यह बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, सहयोग तथा राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को दिया जा रहा यह प्रशिक्षण विद्यालयों में स्काउटिंग एवं गाइडिंग की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायक होगा। सात दिवसीय बेसिक स्काउट एवं गाइड कोर्स शिक्षकों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग की मूल अवधारणाओं से परिचित कराने तथा विद्यालय स्तर पर इस आंदोलन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में प्रदेश प्रशिक्षण आयुक्त आर. एस. नेगी, मुख्य अतिथि हरभजन सिंह सच्चर एवं राधा ऐठानी, कार्यक्रम संयोजक विजय जोशी, प्रबंधक चन्दन सिंह रेकवाल, अकादमी निदेशक नेहा बिष्ट, अध्यक्ष भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला नैनीताल नरेंद्र साह, जिला सचिव आर. एस. जीना, डीओसी स्काउट चंद्र लाल, डीटीसी स्काउट महेंद्र सैनी, डीओसी गाइड सीमा सेन, डीटीसी गाइड पुष्पा दरमवाल, एलओसी स्काउट कमलेश सती, एलओसी गाइड अनुराधा पाण्डे सहित सरिता सामंत, संतोष जोशी, भुवन सूंठा, उमेश तिवारी एवं सुशीला पाण्डे उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता