home page

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से शिक्षक के खिलाफ ठोस कार्यवाही की माँग की

 | 
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से शिक्षक के खिलाफ ठोस कार्यवाही की माँग की


उत्तरकाशी, 24 अप्रैल (हि.स.)। मोरी विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज दोंणी से सामने आए एक वायरल वीडियो ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। वीडियो में विद्यालय के एक शिक्षक कथित रूप से शराब के नशे में दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं, बल्कि उनकी नियमित आदत बन चुकी है।

ग्रामीणों में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि लंबे समय से शिक्षक के व्यवहार को लेकर शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बच्चों का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

पहले से ही मोरी क्षेत्र के सरकारी विद्यालय संसाधनों की कमी, शिक्षकों के अभाव और अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में रहे हैं। इस घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों का दर्द भी साफ झलकता है—वे पूछ रहे हैं कि आखिर वे अपने बच्चों को शिक्षा के लिए भेज रहे हैं या उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

इस पूरे प्रकरण ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या विभाग सिर्फ कागजों में ही स्कूलों का संचालन कर रहा है? क्या ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

क्षेत्रीय जनता ने मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में लोगों का विश्वास कायम रह सके। सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल