home page

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

 | 
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं


राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं


देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी है।

रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक पर्व है। यह पर्व पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करता है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन मातृशक्ति के सम्मान और स्नेह का भी पर्व है। बहनें परिवार में स्नेह, संस्कार और संवेदनाओं की मजबूत आधारशिला हैं। उनका स्नेह, आशीर्वाद और अपनापन परिवार एवं समाज को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने जारी अपने संदेश में कहा कि यह भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। यह पर्व समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।

धामी ने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के प्रति आदर और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के साथ उनके सम्मान से भी जुड़ा पर्व है। महिलाओं के सशक्तीकरण के बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी प्रगति के लिए आदर्श समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उत्तराखंड में महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय