home page

टिहरी के चार हाईस्कूल इंटर स्तर पर उच्चीकृत

 | 

नई टिहरी, 26 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिले के चार राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत कर दिया गया है। विद्यालयों के उच्चीकरण से संबंधित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब इंटर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में जाने से राहत मिलेगी। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि लंबे समय से इन विद्यालयों को इंटर स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे।

विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से बीते दिवस जारी आदेश के अनुसार घनसाली विधानसभा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेड़ भिलंगना, धनोल्टी विधानसभा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौशल थौलधार और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थान जौनपुर तथा नरेंद्रनगर विधानसभा के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पजै गांव को इंटर स्तर पर उच्चीकृत किया गया है।

शासन ने उच्चीकृत विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रधानाचार्य और प्रवक्ताओं के पद भी सृजित किए हैं। प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाचार्य का एक पद और प्रवक्ताओं के 10-10 पद स्वीकृत किए गए हैं।

घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण से आसपास के कई गांवों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को इंटर की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही उनकी आगे की शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी