गोपेश्वर और हिमगिरी महाविद्यालय बना टेबल टेनिस का विजेता
नई टिहरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में आयोजित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के महिला टीम वर्ग में गोपेश्वर महाविद्यालय और पुरुष वर्ग में हिमगिरि महाविद्यालय ने खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति भेंट कर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल के 15 महाविद्यालयों की महिला व पुरुष टीमों ने प्रतिभाग किया।
पीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रो.प्रीति कुमारी की की अध्यक्षता में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि जिला टेबल टेनिस फेडरेशन के सचिव विकास नेगी,विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ.पुष्कर गौड़ और थत्यूड़ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एके मौर्य ने समापन करते हुए विजेता,उपविजेता खिलाड़ियों, मेडल, प्रशस्ति और ट्राफी देकर समापन किया। विकास नेगी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टेबल टेनिस से एकाग्रता, चुस्ती, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। डॉ. पुष्कर गौड़ ने खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर खेल नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में महिला एकल वर्ग में जसपाल राणा कॉलेज की महक भटनागर ने गोपेश्वर महाविद्यालय की मीनाक्षी को 3-1 से हराकर विजेता बनी। महिला टीम वर्ग में गोपेश्वर महाविद्यालय ने नई टिहरी महाविद्यालय को 3-2 से हराया। पुरुष टीम वर्ग में हिमगिरि महाविद्यालय ने गोपेश्वर महाविद्यालय को 3-1 से पराजित कर खिताब जीता। पुरुष एकल वर्ग में जोशीमठ महाविद्यालय के केशव विजेता और हिमगिरि महाविद्यालय के कुणाल उपविजेता रहे।
इस मौके पर क्रीड़ा संयोजक डॉ. पीसी पैन्यूली, डॉ. चंचल गोस्वामी, डॉ. अनिल तोमर, डॉ. हीरा सिंह, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. राज त्यागी, डॉ. डीपीएस भंडारी, डॉ. अनिल भट्ट, डॉ. डीएस तोपवाल, डॉ. राजपाल रावत, डॉ. स्नेह लता मौर्या, डॉ.रंजना सिंह, डॉ. हिमानी, डॉ. अरविंद, डॉ. हर्षिता जोशी, डॉ.पूजा भंडारी, डॉ. शुभम गोस्वामी, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. चंद्रावती आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

