home page

जड़धार गांव के महिला मंगल दल को स्वतंत्रा संग्राम सेनानी तारा देवी सम्मान

 | 
जड़धार गांव के महिला मंगल दल को स्वतंत्रा संग्राम सेनानी तारा देवी सम्मान


नई टिहरी, 07 सितंबर (हि.स.)। बीज बचाओ आंदोलन की ओर से चंबा ब्लॉक के जड़धार गांव के महिला मंगल दल को नागणी क्षेत्र में अवैध शराब के काराबोर को रोकने सहित शादी एवं अन्य सार्वजनिक समारोहों को कॉकटेल पार्टी मुक्त बनाने के लिए स्वतंत्रता सेनानी तारा देवी सम्मान से नवाजा गया।

सोमवार को जड़धार गांव में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरणविद विजय जड़धारी ने महिला मंगल दल जड़धार गांव को सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह दिया। जड़धारी ने कहा कि यह सम्मान शहीद श्रीदेव सुमन की मां तारा देवी की स्मृति में उनके नशा मुक्ति के योगदान का स्मरण दिला रहा है। बताया क उत्तराखंड में 1970 के दशक की शुरुआत में सर्वाेदयी कार्यकर्ताओं द्वारा शुरू किए गए सफल शराबबंदी आंदोलन की शुरुआत में 1979 में तारा देवी ने बादशाहीथॉल में तत्कालीन यूपी सरकार की शराब की दुकान में घुसकर उसे बंद कराने में सफलता हासिल की थी। उसी का परिणाम रहा कि बाद में कई सालों तक पूरे उत्तराखंड में शराबबंदी रही।

जड़धार गांव महिला मंगल दल ने पिछले कुछ माहों में शराबबंदी अभियान चलाकर नागणी-मांडई में चलने वाले शराब के अड्डों पर छापे मारकर उन्हें नष्ट किया। जागरूकता पैदा की कि जिन शराब के अड्डों को पुलिस व आबकारी विभाग नही रोक पाया, आज वे पूर्णतः बंद हो गए। यही नहीं शादी की रश्में मेहंदी, कॉकटेल पार्टियों को रोकने में महिला मंगल दल पूर्ण रूप से सफल रहा। करीब 20 शादियां व मुंडन समारोह नशामुक्त संपन्न हुए। महिला मंगल दल की अध्यक्ष ममता देवी ने कहा कि सम्मान मिलने से जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी