home page

सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 31 लाख की ठगी, शिक्षक समेत तीन पर मुकदमा

 | 
सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 31 लाख की ठगी, शिक्षक समेत तीन पर मुकदमा


चंपावत, 4 अक्टूबर (हि.स.)। लोहाघाट क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर की गई बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। एक शिक्षक सहित तीन लोगों पर युवक से 31 लाख रुपये हड़पने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप लगा है।

थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि लोहाघाट निवासी मोहित पांडे ने तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2024 में आरोपी बलवंत सिंह रौतेला शिक्षक, निवासी कोलीढेक लोहाघाट, कविंद्र सिंह उर्फ मायाराम सोनी, तथा विजय भट्ट निवासी देहरादून ने उन्हें सचिवालय में नौकरी लगवाने का वादा किया। आरोपियों ने भरोसा दिलाकर उनसे कुल 31 लाख रुपये लिए और बाद में एक फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर भुवन चंद्र आर्य कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी शिक्षक बलवंत सिंह रौतेला पर पहले भी पेपर लीक प्रकरण में मुकदमा दर्ज हो चुका है, जिससे उसकी भूमिका पर और सवाल उठ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी