home page

धनोल्टी की 52.55 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

 | 
धनोल्टी की 52.55 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण


धनोल्टी की 52.55 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण


नई टिहरी, 12 नवंबर (हि.स.)। 9 वें जौनपुर महोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया। तीन दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने 52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कहा कि जौनपुर क्षेत्र की संस्कृतिक काफी समृद्ध है। अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने के लिए यहां के लोग बेहतर कार्य कर रहे हैं।

वीरवार को थत्यूड़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधायक प्रीतम सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने भव्य स्वागत किया। सीएम धामी ने स्थानीय लोगों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल और संस्कृति को नई दिशा मिली है। कहा कि राज्य सरकार टिहरी व आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

करीब 1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील व आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। टिहरी झील को साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक 6 करोड़ से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी पहलों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

सीएम ने किया विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि क्षेत्र में सड़क एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन के स्थायी समाधान के लिए 6 करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य, 10 करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन व डामरीकरण का कार्य, पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में 8 करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

साथ ही धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 2.73 करोड़, भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़, थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार करने के उपरांत उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी कही।

प्रगतिशील किसान पुंडीर के कार्यो की सरहना

ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सीएम ने सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, पुष्प, आलू एवं रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

वहीं पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद के माध्यम से साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए जौनपुर रत्न सम्मान से सम्मानित किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर राज्य मंत्री गीता रावत, ओबीसी आयोग अध्यक्ष संजय नेगी, डीसीबी अध्यक्ष सुभाष रमोला, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल्ल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी