पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने यमुनोत्री में की पूजा
उत्तरकाशी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को चारधाम यात्रा पर यमुनोत्री धाम पहुंचे। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मां यमुना के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बुधवार को यमुनोत्री धाम पहुंचने पर पूर्व उपराष्ट्रपति ने पवित्र दिव्य शिला का पूजन किया। इसके बाद उन्होंने यमुना मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां यमुना के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में भी पूर्व उपराष्ट्रपति के धाम पहुंचने को लेकर उत्साह नजर आया।
इस मौके पर यमुनोत्री मंदिर समिति एवं तीर्थपुरोहितों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। धार्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने यमुनोत्री धाम की आध्यात्मिक महत्ता और यहां की धार्मिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। दर्शन-पूजन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति अपनी पत्नी के साथ वापस लौट गए ।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

