जाखणीधार की बीडीसी बैठक में पूर्व की उप प्रमुखों का किया सम्मान
नई टिहरी, 19 नवंबर (हि.स.)। जाखणीधार की बीडीसी बैठक में ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने विकास कार्यों में पूर्व जनप्रतिनिधियों के अनुभव और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से पूर्व ज्येष्ठ व कनिष्ठ उप प्रमुखों को आमंत्रित कर नई परंपरा की शुरुआत की। जिसका उद्देश्य उनके कार्यकाल में हुए कार्यों का वर्तमान के लिए अनुभव लेना है।
वीरवार को ब्लॉक नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख प्रेम दत्त जुयाल, आशाराम थपलियाल, पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख साहब सिंह कुमाई को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तीनों पूर्व जनप्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
वहीं सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से हल करना चाहिए। बैठक में उठाई गई समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रमुख नौटियाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास में पूर्व जनप्रतिनिधियों का अनुभव और योगदान महत्वपूर्ण है।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों, प्रधानों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इस मौके पर ज्येष्ठ उपप्रमुख त्रिलोक बिष्ट, कनिष्ठ उपप्रमुख कीर्ति पंवार, डीपीआरओ एमएम खान, बीडीओ विजय पुरोहित, एबीडीओ दिग्विजय सिंह मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

