home page

पांच किलो चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
पांच किलो चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


हल्द्वानी , 10 मई (हि.स.)। रविवार को उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दमुआढुंगा क्षेत्र से 5 किलो 2 ग्राम चरस बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर थाना काठगोदाम क्षेत्र में छापेमारी की।

कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। छापेमारी के दौरान प्रवीण आर्य निवासी दमुआढुंगा, थाना काठगोदाम और बलवंत सिंह निवासी पंचायत घर हल्द्वानी, मूल निवासी बागेश्वर को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 2 ग्राम चरस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बागेश्वर क्षेत्र से चरस खरीदकर नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। एसटीएफ अब आरोपियों के नेटवर्क और अन्य तस्करों से जुड़े फारवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।कार्रवाई में एसटीएफ टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं काठगोदाम पुलिस टीम में एसओ विमल मिश्रा, एसआई दिलीप सिंह, आरक्षी प्रमोद कुमार और आरक्षी कारज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता